रियल मैड्रिड के हेड कोच अल्वारो आर्बेलोआ ने शुक्रवार को गिरोना के खिलाफ ला लीगा मुकाबले से पहले अपने खिलाड़ियों का बचाव किया और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के महत्व पर जोर दिया। मैड्रिड इस मैच में चैंपियंस लीग में बायर्न म्यूनिख और लीग में मैलोर्का के खिलाफ लगातार 2-1 से हार के बाद उतरेगी।
दो हार की वजह से रियल मैड्रिड अब बार्सिलोना से सात अंक पीछे हो गई है। टीम को अभी 8 मुकाबले और खेलने हैं। एक और हार का उनके खिताब जीतने की संभावनाओं पर क्या असर पड़ेगा, इस बारे में पूछे जाने पर आर्बेलोआ ने कहा, "खिलाड़ी जानते हैं कि हर मैच बहुत अहम है और गलती की गुंजाइश बहुत कम है।"
अगले हफ्ते एक अहम यूरोपीय मुकाबला होने के बावजूद कोच ने जोर देकर कहा कि उनकी टीम का पूरा ध्यान अभी के मुकाबले पर है। शिन्हुआ के हवाले से उन्होंने कहा, "खिलाड़ी सबसे पहले खेलना चाहते हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि मंगलवार का नतीजा वैसा नहीं था जैसा हमने सोचा था। मैंने उनमें से ज्यादातर खिलाड़ियों से बात की है और वे खेलना चाहते हैं और फैंस को जीत तोहफे में देना चाहते हैं।"