भारतीय टेनिस जगत के बड़े चेहरे लिएंडर पेस की मां जेनिफर पेस का निधन हो गया है। वह 72 वर्ष की थीं। उनके निधन पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शोक जताया है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "जेनिफर पेस के निधन से गहरा दुख हुआ। वे भारतीय टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस की मां थीं। भारतीय बास्केटबॉल टीम की पूर्व कप्तान और ओलंपियन के तौर पर, भारतीय खेलों में उनके अमूल्य योगदान और उनकी विरासत को हमेशा याद रखा जाएगा। दुख की इस घड़ी में लिएंडर पेस और उनके पूरे परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ईश्वर उनकी आत्मा को चिर शांति प्रदान करें।"
लिएंडर पेस को खेल के क्षेत्र में आने के लिए प्रेरित करने में उनके माता-पिता का अहम योगदान रहा है। पेस की मां जेनिफर पेस और पिता वेस पेस दोनों एथलीट थे और इसी वजह से उन्होंने अपने बेटे को खेल के क्षेत्र में आने और बड़ी उपलब्धि को हासिल करने के लिए प्रेरित किया।