जापान के आइची-नागोया में खेले गए एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय दल ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। खेलों के इस पांचवें संस्करण में भारतीय दल ने कुल 114 पदक जीते। एशियन पैरा गेम्स के इतिहास में भारत का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
भारत ने 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य सहित कुल 114 पदक जीते। चीन (427), जापान (185) और उज्बेकिस्तान (145) के बाद भारत एशियन पैरा गेम्स की पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
भारत का एशियन पैरा गेम्स 2026 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इस वजह से भी ज्यादा महत्वपूर्ण है, क्योंकि खेलों के पिछले संस्करण की तुलना में 135 एथलीट कम गए थे। खेलों के इस संस्करण में भारत की तरफ से 168 एथलीटों ने हिस्सा लिया और 114 पदक जीते। पदकों की संख्या हांगझोऊ में 2023 में हुए पिछले संस्करण से 6 ज्यादा है, जबकि संख्या के आधार पर 135 कम एथलीटों ने हिस्सा लिया था। हांगझोऊ में हुए पिछले संस्करण में भारत की तरफ से 303 पैरा एथलीटों ने हिस्सा लिया था और 27 स्वर्ण सहित 108 पदक जीते थे। यह तब रिकॉर्ड था, जो इस बार टूट गया।