घुटने से जुड़ी बीमारियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए पटना में 'लेट्स वॉक फॉर नी' वॉक का आयोजन किया गया। इस इवेंट को पारस हॉस्पिटल पटना ने आयोजित किया था और इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। डॉ. अहमद अब्दुल हई और डॉ, अनिल ने इस कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ, अनिल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "इसका मुख्य उद्देश्य बिहार और पटना की जनता में घुटने और फिटनेस को स्वस्थ रखने के लिए जागरूकता फैलाना है। घुटना शरीर का सबसे अहम अंग है। अगर आपका घुटना ठीक नहीं रहेगा तो आप ठीक तरीके से नहीं चल पाएंगे। अगर चलना बंद हो गया, तो समझिए जीवन बंद हो गया।"
उन्होंने कहा, "मैं यही कहना चाहूंगा कि अगर किसी को घुटने की समस्या है तो उसके प्रति सचेत हों, उसका ख्याल रखें और कोई परेशानी हो तो जल्दी उसका इलाज कराएं। उसे लेकर बैठे मत रहें। हमने इसी संदेश को फैलाने के लिए इस रैली का आयोजन किया है।"