दिग्गज इंग्लिश फुटबॉल टीम लिवरपूल ने शनिवार को अपने हेड कोच आर्ने स्लॉट को दो सीजन के बाद बर्खास्त कर दिया है। इस डच कोच ने अपने पहले ही सीजन में क्लब को उसका 20वां लीग खिताब दिलाया था, लेकिन अगले साल वह इस सफलता को दोहरा नहीं पाए। प्रीमियर लीग 2025-26 में लिवरपूल पांचवें स्थान पर रहा और यूईएफए चैंपियंस लीग 2026-27 के लिए सीधे क्वालीफाई करने में भी नाकाम रहा।
लिवरपूल के पूर्ण स्वामित्व वाली फेनवे स्पोर्ट्स ग्रुप (एफएसजी) ने एक बयान में कहा, "यह कहने की जरूरत नहीं है कि बतौर क्लब हमारे लिए यह फैसला लेना बहुत मुश्किल था। आर्ने ने जितने समय तक हमारे साथ काम किया है, लिवरपूल एफसी में उनका योगदान बहुत अहम, सार्थक और सबसे बढ़कर हमारे समर्थकों और हमारे लिए सफल रहा है।"
बयान में कहा गया, "इसलिए, उन्होंने जो कुछ भी हासिल किया है, उसके लिए हमारी सराहना की कोई सीमा नहीं है। खासकर इसलिए क्योंकि सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, लगन और विशेषज्ञता का हाथ था, जिसने इस बात को और भी पुख्ता कर दिया कि वह अपने क्षेत्र के एक बेहतरीन लीडर हैं। जिस पल हम पहली बार आर्ने से मिले थे, उसी पल यह स्पष्ट हो गया था कि वह ऐसे इंसान हैं, जो सिर्फ जिम्मेदारी स्वीकार नहीं करते, बल्कि उसे पूरी तरह से अपना लेते हैं।"