राजस्थान के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को घोषणा की है कि जयपुर में लगभग 101 करोड़ रुपए की लागत से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाई जा रही है।
राजस्थान के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भजनलाल शर्मा ने कहा कि अरुंधति चौधरी, यशवीर सिंह, राहुल शर्मा, मोना अग्रवाल और संध्या बिश्नोई जैसे खिलाड़ियों ने अपने अनुशासन और समर्पण से राज्य का नाम रोशन किया है, जिसमें उनके कोच और परिवारों का भी बड़ा योगदान रहा है।
उन्होंने याद दिलाया कि अरुंधति चौधरी ने कॉमनवेल्थ गेम्स में बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल जीता, यशवीर सिंह ने जैवलिन थ्रो में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया, राहुल शर्मा ने शूटिंग पैरा वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल जीता, मोना अग्रवाल ने शूटिंग पैरा वर्ल्ड कप में ब्रॉन्ज मेडल और संध्या विश्नोई ने अंडर-17 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता।