मणिपुर के नोनी जिले के पिनजांग गांव में 86वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ओर से शनिवार को 10 किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया गया। यह आयोजन आईजी मणिपुर एवं नागालैंड सेक्टर, सीआरपीएफ के मार्गदर्शन और 86वीं बटालियन के कमांडेंट सौरभ कुमार चौधरी की देखरेख में किया गया। मैराथन में विभिन्न आयु वर्ग के करीब 110 युवाओं ने हिस्सा लिया।
यह मैराथन स्पोर्ट्स फोर पीस एंड डेवलपमेंट अक्रॉस द नेशन (स्पंदन) कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई। स्पंदन का उद्देश्य खेलों के माध्यम से शांति, राष्ट्रीय एकता और जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देना है। साथ ही युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे जैसी सामाजिक समस्याओं से दूर रखना और समाज में आपसी सौहार्द को मजबूत करना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में मणिपुर सरकार की वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की निदेशक हनाह कामेई, आईएएस मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान भी मौजूद रहे।