केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स' (केआईटीजी) 2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया। बुधवार को छत्तीसगढ़ के तीन शहरों में शुरू हुआ यह आयोजन 3 अप्रैल तक चलेगा।
डॉ. मांडविया ने कहा कि 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स' (केआईटीजी) 2026 छत्तीसगढ़ के लिए एक ऐतिहासिक शुरुआत है, क्योंकि अब छत्तीसगढ़ इसका स्थायी मेजबान बन गया है। ये खेल अब हर साल बस्तर, सरगुजा और रायपुर जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे। मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि खेल प्रतिभाएं सिर्फ शहरी केंद्रों तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि आदिवासी क्षेत्रों, तटीय इलाकों और देश के दूरदराज के हिस्सों में भी मौजूद हैं।
उन्होंने कहा, "खेल प्रतिभाएं सिर्फ बड़े शहरों तक ही सीमित नहीं हैं। वे आदिवासी गांवों और देश के अलग-अलग क्षेत्रों में भी खूब पनपती हैं। 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स' शुरू करने का मकसद इसी छिपी हुई प्रतिभा को पहचानना और उसे बढ़ावा देना है।"