भारत के पूर्व शूटर और दिग्गज कोच जसपाल राणा का शुक्रवार को 49 साल की उम्र में निधन हो गया। जसपाल के निधन पर भारत की स्टार शूटर मनु भाकर ने भावुक पोस्ट शेयर किया है। जसपाल की देखरेख में मनु ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बनीं।
मनु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जसपाल राणा संग अपनी कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "अपूरणीय क्षति।" जसपाल आईएसएसएफ विश्व कप के बाद जर्मनी से लौट रहे थे, तभी अचानक फ्लाइट में उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें दिल्ली में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जसपाल का करियर बतौर खिलाड़ी और कोच यादगार रहा। उन्होंने भारत की ओर से चार कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लिया और कुल 15 मेडल अपने नाम किए। इसके साथ ही साल 2006 में हुए एशियाई खेलों में भी खिलाड़ी के तौर पर उनका प्रदर्शन दमदार रहा और उन्होंने तीन गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीता।