दीक्षा डागर समेत भारतीय खिलाड़ियों के लिए एमसीबी लेडीज क्लासिक 2026 का अंतिम दिन चुनौतीपूर्ण रहा। शानदार शुरुआत के बावजूद भारतीय दल लीडरबोर्ड में नीचे खिसक गया। शुरुआती दो दिनों में मजबूत प्रदर्शन करने वाली भारतीय तिकड़ी तीसरे दिन अपनी लय बरकरार नहीं रख सकी। एक ओर, भारतीय खिलाड़ियों को अंतिम दौर में निराशा हाथ लगी, वहीं स्मिला टार्निंग सोंडरबी ने शानदार और संयमित प्रदर्शन करते हुए अपना दूसरा लेडीज यूरोपियन टूर जीता।
दीक्षा ने पहले दो राउंड में 68 और 69 का स्कोर करते हुए आत्मविश्वास भरी शुरुआत की थी, लेकिन अंतिम राउंड में 74 का कार्ड खेलते हुए वह संयुक्त 21वें स्थान पर रहीं। उनके अंतिम राउंड में नौवें होल पर सिर्फ एक बर्डी आई, जबकि पहले, 10वें और 15वें होल पर शॉट गंवाने की वजह से वह बेहतर स्थान हासिल करने से चूक गईं।
त्वेसा मलिक के प्रदर्शन में भी गिरावट देखने को मिली। शुरुआती राउंड में 70 और 71 का स्कोर बनाने के बाद, उन्होंने 73 का स्कोर किया और संयुक्त रूप से 38वें स्थान पर रहीं।