मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड कोंगकल संगमा ने शुक्रवार को शिलांग में राज्य के पहले 'हाई-परफॉरमेंस स्पोर्ट्स साइंस सेंटर' का उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य वैज्ञानिक प्रशिक्षण को मजबूत करना, एथलीटों के प्रदर्शन में सुधार करना और चोट से बचाव तथा पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) के लिए विशेष सेवाएं प्रदान करना है।
यह केंद्र 'अभिनव फ्यूचुरिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड' (एएफएल) के सहयोग से स्थापित किया गया है। यह कंपनी भारत के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता, अभिनव बिंद्रा के नेतृत्व में काम करती है।
यह पहल राज्य सरकार के उस प्रयास का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान करने से लेकर एलीट स्तर की प्रतियोगिताओं तक, खेलों का एक व्यापक इकोसिस्टम तैयार करना है। यह सहयोग 'ओलंपिक वैल्यूज एजुकेशन प्रोग्राम' (ओवीईपी) पर हस्ताक्षर के दौरान एएफएल द्वारा राज्य के अधिकारियों को दिए गए एक प्रस्ताव के बाद शुरू हुआ है।