केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को अंडर-18 एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों को सम्मानित किया। सोमवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मांडविया ने पुरुष टीम को 61.5 लाख रुपए, जबकि महिला टीम को 21 लाख रुपए का चेक सौंपा।
काकामिगाहारा में शुक्रवार को खेले गए फाइनल में कप्तान केतन कुशवाहा की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने मेजबान जापान को 4-1 से मात देकर खिताब अपने नाम किया। दूसरी तरफ, कप्तान स्वीटी कुजुर के नेतृत्व वाली भारतीय महिला टीम ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में कोरिया पर 3-0 की शानदार जीत दर्ज की।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने पुरुष और महिला दोनों टीमों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, "देश का नाम रोशन करने के लिए दोनों टीमों ने जो कड़ी मेहनत की है, उसके लिए मैं उन्हें बधाई देता हूं। पूरा देश आप पर गर्व करता है। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि यह तो बस शुरुआत है। कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। जिसने 13 गोल किए हैं, उसे 15 या उससे अधिक गोल करने का लक्ष्य रखना चाहिए। जिसने 10 गोल रोके हैं, उसे विपक्षी टीम को एक भी गोल न करने देने का लक्ष्य रखना चाहिए। चाहे आप पढ़ाई करें या खेल, पूरी लगन होनी चाहिए। अपनी पूरी क्षमता से प्रदर्शन करते रहें और अपने माता-पिता और शुभचिंतकों को खुश करते रहें, यही आपका लक्ष्य होना चाहिए।"