'मेंस अंडर-18 एशिया कप 2026' के अपने आखिरी 'पूल ए' मैच भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चीनी ताइपे के खिलाफ 13-1 से बड़ी जीत दर्ज की। भारत को दमदार जीत दिलाने में आशीष तानी पूर्ति की हैट्रिक का अहम योगदान रहा। इसी के साथ भारत ने शुक्रवार को खेले जाने वाले सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
भारत ने पूल चरण में कजाकिस्तान, कोरिया और चीनी ताइपे के खिलाफ जीत दर्ज की, जबकि मेजबान जापान से उसे हार का सामना करना पड़ा। इस प्रदर्शन के आधार पर भारत ने चार मुकाबलों में कुल 9 अंक हासिल कर लिए हैं।
बुधवार को जापान के काकामिगहारा में आयोजित मुकाबले में आशीष तानी पूर्ति (27', 35', 42') ने हैट्रिक लगाई, जबकि गाजी खान (40', 44'), सिद्धार्थ बेन (30', 52') और राहुल यादव (20', 54') ने दो-दो गोल किए। इनके अलावा, करण गौतम (7'), प्रेमचंद सोय (11'), कप्तान केतन कुशवाहा (13') और वरिंदर सिंह (50') ने एक-एक गोल किया।