केंद्र सरकार ने कहा है कि माई भारत (मेरा युवा भारत) प्लेटफॉर्म देश के युवाओं को अवसरों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण डिजिटल माध्यम बन गया है। सरकार के अनुसार, जून 2026 तक इस प्लेटफॉर्म पर सफाई अभियान, रक्तदान, खेल, आपदा राहत और सामुदायिक सेवा जैसे क्षेत्रों में 1.52 लाख से अधिक वॉलंटियरिंग के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। इसका उद्देश्य देश के 10 करोड़ युवाओं को सशक्त बनाना है।
युवा मामले और खेल मंत्रालय के तहत अक्टूबर 2023 में शुरू किए गए इस प्लेटफॉर्म का मकसद युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना है। सरकार का कहना है कि यह मंच शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी एजेंसियों, उद्योगों और गैर-सरकारी संगठनों को एक साथ जोड़ता है। इससे युवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सीखने, स्वयंसेवा करने और करियर से जुड़े अवसर आसानी से मिलते हैं।
माई भारत प्लेटफॉर्म पूरी तरह डिजिटल व्यवस्था पर आधारित है। इसमें ऑनलाइन पंजीकरण, उपस्थिति दर्ज करना, जियो-टैगिंग, प्रमाणपत्र जारी करना और गतिविधियों के प्रभाव का आकलन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे स्वयंसेवकों और आयोजकों, दोनों के लिए प्रक्रिया आसान हो जाती है।