अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी जेसिका पेगुला और कजाकिस्तान की प्लेयर एलेना रायबाकिना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्लोरिडा में स्थित हार्ड रॉक स्टेडियम में मियामी ओपन के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अपनी जगह बना ली है। पेगुला-एलेना ने सीधे सेटों में अपने मैच जीते।
पांचवीं वरीयता प्राप्त पेगुला सबसे पहले कोर्ट पर आईं और रोमानिया की टेनिस प्लेयर जैकलीन क्रिस्टियन के खिलाफ बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। अमेरिकी खिलाड़ी ने सर्विस पर दबदबा बनाया और एक भी ब्रेक प्वाइंट का सामना नहीं किया, जबकि अपने 13 ब्रेक प्वाइंट के मौकों में से चार का फायदा उठाकर एक घंटे से ज्यादा समय तक चले मुकाबले में 6-4, 6-1 से जीत हासिल की।
इस जीत ने न सिर्फ क्रिस्टियन के खिलाफ पेगुला का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 2-0 कर दिया, बल्कि मियामी क्वार्टर फाइनल में उनकी लगातार पांचवीं उपस्थिति भी दर्ज कराई है। वह पोलैंड की पूर्व टेनिस खिलाड़ी एग्निज्का राडवांस्का (2010–2014) के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। इसके साथ ही पेगुला, अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी क्रिस एवर्ट और सेरेना विलियम्स के साथ लगातार पांच मियामी क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली सिर्फ तीसरी अमेरिकी महिला खिलाड़ी बन गई हैं।