भारतीय दल ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। शुक्रवार का दिन भारत के लिए विशेष रहा। जूडो में जहां दो स्वर्ण पदक और एक रजत पदक आया, तो 5 मुक्केबाजों ने फाइनल में जगह बनाकर कम-से-कम 5 रजत पदक पक्के कर दिए हैं। ग्लासगो में गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद हैं। संघवी एथलीटों का हौसला बढ़ाने के साथ ही अहमदाबाद में होने वाले अगले कॉमनवेल्थ गेम्स के प्रचार-प्रसार में भी लगे हैं।
अहमदाबाद पेवेलियन में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट पहुंचे। उन्होंने पेवेलियन और वहां दिख रही गुजराती संस्कृति की प्रशंसा की।
वेटलिफ्टिंग में लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीतने वाली मीराबाई चानू ने आईएएनएस से कहा कि हम यहां आकर बहुत खुश हैं। यहां आकर बहुत अच्छा लगा। गुजरात की संस्कृति देखने का मौका मिला। इसके लिए मैं सर को धन्यवाद देना चाहती हूं।