मणिपुर राज्य पुलिस द्वारा रविवार को आयोजित 'मणिपुर पुलिस हाफ मैराथन' में 3,000 से अधिक धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगिता में महिलाओं की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही। यह मैराथन मणिपुर पुलिस के 135वें स्थापना दिवस (रेजिंग डे) के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों के श्रृंखला का हिस्सा थी।
इस दौड़ को मणिपुर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुकेश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह आयोजन दौड़ने, शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवन शैली के प्रति लोगों के बढ़ते उत्साह को दर्शाता है। दौड़ के नतीजों में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए आयोजकों ने 'चिप-युक्त बिब' का इस्तेमाल किया, जिससे धावकों के समय को रिकॉर्ड करने और परिणामों को अधिक सटीक रूप से तय करने में मदद मिली।
मणिपुर के मुख्य सचिव राजीव सिंह ठाकुर ने पुरस्कार वितरण समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने विभिन्न श्रेणियों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले धावकों को उनके समर्पण, लगन और खेल उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस हाफ मैराथन का उद्देश्य शारीरिक फिटनेस, खेल उत्कृष्टता और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना था, साथ ही इसका मकसद पुलिस और जनता के बीच के संबंधों को और मजबूत करना भी था।