ओलंपियन ईशा सिंह ने बुधवार को म्यूनिख के मशहूर ओलंपिक शूटिंग रेंज में साल के दूसरे इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल इवेंट के फाइनल में विमेंस 25 मीटर पिस्टल इवेंट में 43 के वर्ल्ड रिकॉर्ड (और जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड) स्कोर के साथ गोल्ड पर निशाना साधा। दो दिनों की प्रतियोगिता के बाद म्यूनिख वर्ल्ड कप में यह भारत का पहला मेडल भी था।
तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन और दो बार की एशियन गेम्स मेडलिस्ट ईशा ने फाइनल मुकाबले में, पांच-पांच शॉट की 10 सीरीज में से आधी सीरीज में एकदम सही पांच शॉट लगाए। पूर्व वर्ल्ड चैंपियन डोरीन वेनेकैंप उनसे पूरे पांच शॉट पीछे रहीं, जिन्हें सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा। बुल्गारिया की मिरोस्लावा मिनचेवा ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया, जबकि मौजूदा ओलंपिक चैंपियन यांग जिन पांचवें स्थान पर रहीं।
यह 21 वर्षीय भारतीय शूटर का चौथा व्यक्तिगत वर्ल्ड कप मेडल था। ईशा ने क्वालिफिकेशन के रैपिड-फायर राउंड में 294 का स्कोर किया। मंगलवार को प्रिसिजन राउंड में 293 का स्कोर करने के बाद, कुल 587 अंकों के साथ उन्होंने क्वालिफिकेशन में चौथा स्थान हासिल किया। हमवतन मनु भाकर और राही सरनोबत ने क्रमशः 582 और 581 का स्कोर किया, और 98 खिलाड़ियों के इस मुकाबले में 12वें और 14वें स्थान पर रहीं।