पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, खरौना डीह, मुजफ्फरपुर में आयोजित पटना संभाग स्तरीय तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। 14 से 16 अप्रैल तक चले इस आयोजन में बिहार, झारखंड एवं पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्लस्टरों से आए लगभग 350 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान पूरे परिसर में उत्साह, प्रतिस्पर्धा और ऊर्जा का माहौल बना रहा।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन एवं विशिष्ट अतिथि उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर भारी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व के समग्र विकास का सशक्त साधन है। उन्होंने कहा कि खेल हमें अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और कठिन परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देता है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में खेलों का महत्व और भी बढ़ गया है, क्योंकि यह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों को सुदृढ़ बनाता है।