पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के एक छोटे से गांव के राजमिस्त्री की बेटी रितु मंडल ने अहमदाबाद में आयोजित प्रथम वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। 20 साल की रितु के इस प्रदर्शन ने उन्हें ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने और पदक जीतने के उनके सपने के और करीब ला दिया है। रितु सफलता उनके सालों की कड़ी मेहनत, त्याग और दृढ़ संकल्प का नतीजा है।
रितु प्रदर्शन के देखने के लिए उनके माता-पिता और बड़े भाई अहमदाबाद में मौजूद थे। जब उन्होंने रितु को कंधों पर तिरंगा लपेटकर अपनी जीत का जश्न मनाते देखा, तो वे भावुक हो गए। यह समय रितु के लिए भी बेहद भावुक था।
रितु ने साई मीडिया से बातचीत में कहा, "मेरे पिता मेसन (राजमिस्त्री) का काम करते हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद मेरे परिवार ने हमेशा मेरे सपनों का साथ दिया। मैंने सालों तक योगासन का प्रशिक्षण लिया और कड़ा अभ्यास किया। मेरी उम्र के दूसरे लोग अलग-अलग काम कर रहे थे। मेरे सामने चुनौतियां थीं, लेकिन मैंने कभी हार नहीं मानी। मुझे अपने लक्ष्य पर भरोसा था।"