भारत की नौकायन खिलाड़ी टेंडेनथोई देवी हाओबिजाम ने कहा कि एशियन गेम्स 2026 की तैयारी के दौरान टीम के साथ बिताया गया समय बहुत फायदेमंद रहा। उनका मानना है कि टीम के खिलाड़ियों के बीच अच्छी समझ और तालमेल बना है, जिससे उन्हें भरोसा है कि वे शनिवार से आइची-नागोया में शुरू होने वाले एशियन गेम्स में अच्छा प्रदर्शन कर पाएंगे।
टेंडेनथोई देवी ने 2023 एशियन गेम्स में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण किया था। उस समय वह खेल में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही थीं। हालांकि, पिछले एक साल में उन्होंने काफी अनुभव हासिल किया है और अपने टीम साथियों के साथ मजबूत तालमेल भी बनाया है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है।
उन्होंने कहा, "मेरी पहली इंटरनेशनल प्रतियोगिता 2023 में एशियन गेम्स था। मेरा प्रदर्शन अच्छा था, लेकिन मैं बहुत कॉन्फिडेंट नहीं थी क्योंकि मैं उस समय जूनियर थी। मुझे सीनियर्स से बहुत कुछ सीखना पड़ा और उनकी सलाह लेनी पड़ी। इस बार हमें लंबे समय तक एक साथ प्रैक्टिस करने का मौका मिला। हम पिछले साल से साथ हैं, इसलिए हम एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जान पाए और साथ में आगे बढ़ने का मौका मिला। इससे हमें बहुत कॉन्फिडेंस मिला है।"