वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप पहली बार अफ्रीका में आयोजित होगी। नैरोबी (केन्या) को 2029 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी मिली है। वहीं, जर्मनी के म्यूनिख शहर को 2031 संस्करण की मेजबानी सौंपी गई है।
यह फैसला बुडापेस्ट में हुई 242वीं वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल की बैठक में लिया गया। वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2029 की मेजबानी के लिए लंदन भी दावेदार था, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। केन्या की राजधानी नैरोबी ने रोम, म्यूनिख और लंदन जैसी मजबूत दावेदारियों को पीछे छोड़ते हुए मेजबानी हासिल की।
वर्ल्ड एथलेटिक्स के अध्यक्ष सेबेस्टियन कोए ने कहा कि 2029 और 2031 चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए चार बेहतरीन शहरों ने बोली लगाई थी, इसलिए फैसला करना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि सभी उम्मीदवारों ने शानदार तैयारी, बड़े लक्ष्य और मजबूत प्रतिबद्धता दिखाई, जो इस टूर्नामेंट की बढ़ती लोकप्रियता और वैश्विक पहचान को दर्शाता है।