नेशनल इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन तमिलनाडु की 29 वर्षीय इंटरनेशनल पोल वॉल्टर बारानिका एलंगोवन ने नेशनल रिकॉर्ड बनाया। मंगलवार को भुवनेश्वर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में बारानिका ने महिलाओं की पोल वॉल्ट में नेशनल रिकॉर्ड बनाने के लिए बार को 4.22 मीटर तक पहुंचाया।
इससे पहले 4.21 मीटर का नेशनल रिकॉर्ड रोजी मीना पॉलराज ने 2022 में बेंगलुरु में बनाया था। बारानिका ने बार को और ऊपर 4.25 मीटर तक ले जाने की कोशिश की, लेकिन वह इस ऊंचाई को पार करने में कामयाब नहीं हो पाईं।
पुरुषों की लंबी कूद (लॉन्ग जंप) में भी एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। यह मुकाबला तमिलनाडु के प्रवीण चित्रवेल और ओडिशा के सरुन पायासिंह के बीच हुआ। 25 वर्षीय पायासिंह ने ही पुरुषों की लंबी कूद में 7.80 मीटर की दूरी तय करके गोल्ड मेडल अपने नाम किया। यह उनका अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन था।