पीठ की चोट से उबरने के बाद भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा शुक्रवार को कतर में आयोजित दोहा डायमंड लीग में अपने 2026 एथलेटिक्स सीजन की शुरुआत करेंगे। इस प्रतियोगिता के साथ नीरज करीब 9 महीने बाद वापसी करने जा रहे हैं। नीरज ने सितंबर 2025 में टोक्यो में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था।
दुनिया के कई टॉप थ्रोअर्स के साथ, दोहा में नीरज की स्थिति का शुरुआती अंदाजा लग सकेगा। यह साल बहुत अहम है, क्योंकि इसमें कॉमनवेल्थ गेम्स और अन्य बड़े इवेंट्स होने हैं। दोहा मीट 2026 डायमंड लीग सीजन का 7वां पड़ाव है, जो 4 और 5 सितंबर को ब्रुसेल्स में होने वाले फाइनल के साथ खत्म होगा।
दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज की भागीदारी की पुष्टि तब हुई, जब उन्हें कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारत की 32-सदस्यीय एथलेटिक्स टीम में अस्थायी रूप से शामिल किया गया था। दोहा भारतीय एथलीट के लिए एक सफल जगह रही है, जहां वह लगातार चौथी डायमंड लीग मीट में हिस्सा लेने जा रहे हैं। नीरज ने साल 2023 में 88.67 मीटर के थ्रो के साथ दोहा डायमंड लीग का खिताब जीता था। साल 2024 में 88.36 मीटर के थ्रो के साथ वह दूसरे स्थान पर रहे। पिछले साल नीरज ने इसी वेन्यू पर 90.23 मीटर के थ्रो के साथ नेशनल रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन इसके बावजूद जर्मनी के जूलियन वेबर के बाद दूसरे स्थान पर रहे।