मुंबई के कार्तिक करकेरा ने रविवार को नई दिल्ली मैराथन के 11वें एडिशन का खिताब अपने नाम किया। कार्तिक करकेरा ने 42.2 किलोमीटर की दौड़ 02:13:10 की शानदार टाइमिंग में पूरी करते हुए, इस साल के आखिर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाइंग मार्क को आसानी से पार कर लिया।
28 वर्षीय कार्तिक करकेरा पेशे से डॉक्टर हैं। उन्होंने गोपी थोनाकल (02:13:12) और मान सिंह (02:13:15) को पछाड़ते हुए पोडियम पर टॉप पोजीशन हासिल की। तीनों के बीच कड़े मुकाबले में कार्तिक ने कुछ ही पलों के अंतर से फिनिश लाइन पार की, जो सितंबर में एशियन गेम्स में पुरुषों के लिए जरूरी 2:15:04 से काफी कम था।
हालांकि, एलीट महिलाएं अपने मेल कंपटीटर्स की शानदार दौड़ की बराबरी नहीं कर पाईं, और 2:31:52 के मार्क से काफी पीछे रह गईं। हालांकि, ठाकोर निरमाबेन (02:41:15) ने काबिल-ए-तारीफ प्रदर्शन करते हुए भागीरथी (02:43:28) और अश्विनी जाधव (02:56:59) को पछाड़ दिया।