इंटरनेशनल टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (आईटीआईए) ने ऑस्ट्रेलियाई टेनिस खिलाड़ी निक किर्गियोस को अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया है। 31 वर्षीय किर्गियोस जून में कोकीन के मेटाबोलाइट (कोकीन के टूटने से बनने वाला पदार्थ) के लिए पॉजिटिव पाए गए थे।
किर्गियोस ने 22 जून को स्पेन के मैलोर्का में एटीपी 250 इवेंट के दौरान अपना सैंपल दिया था। 17 जुलाई को, वर्ल्ड एंटी-डोपिंग एजेंसी (वाडा) से मान्यता प्राप्त एक लैब ने बेंजोइलएक्गोनिन की मौजूदगी की पुष्टि की, जो कोकीन का एक मेटाबोलाइट है।
कोकीन को वाडा की प्रतिबंधित पदार्थों की सूची में स्टिमुलेंट (उत्तेजक) और दुरुपयोग किए जाने वाले पदार्थ के रूप में वर्गीकृत किया गया है। टेनिस एंटी-डोपिंग प्रोग्राम के तहत प्रतियोगिता के दौरान इस पर प्रतिबंध है। जो एथलीट प्रतियोगिता के बाहर इस पदार्थ के लिए पॉजिटिव पाए जाते हैं, उनके लिए दुरुपयोग किए जाने वाले पदार्थों के मामले में कम सजा का प्रावधान है।