'एस8यूएल ई-स्पोर्ट्स' का प्रतिनिधित्व कर रहे भारतीय ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन ने चैंपियंस चेस टूर (सीसीटी) 2025-2026 लीडरबोर्ड के जरिए, ई-स्पोर्ट्स वर्ल्ड कप (ईडब्ल्यूसी) 2026 में शतरंज के मुख्य इवेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इसी के साथ निहाल अपने साथी अरविंद चिदंबरम के साथ, अब तक इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
सीसीटी 2025-26 सीजन में स्पीड चेस चैंपियनशिप (एससीसी) 2025 और चेसडॉटकॉम ओपन (सीसीओ) 2026 जैसे 2 मुख्य इवेंट हुए। इन दोनों टूर्नामेंट के टॉप-3 खिलाड़ियों को ईडब्ल्यूसी में सीधे क्वालिफिकेशन मिला, जबकि एससीसी में 5वें से 9वें स्थान के बीच रहने वाले खिलाड़ियों और सीसीओ के शेष प्रतिभागियों ने अपने प्रदर्शन के आधार पर सीसीटी लीडरबोर्ड के लिए अंक अर्जित किए। इन इवेंट्स के अलावा, खिलाड़ियों ने टाइटल्स ट्यूसडे ग्रैंड प्रिक्स (टीटीजीपी) सर्किट के जरिए भी अंक हासिल किए।
यह सर्किट शरद, शीत और वसंत के हिस्सों में बंटा हुआ था, जिनमें से प्रत्येक हिस्से में 13 टाइटल्स ट्यूसडे टूर्नामेंट शामिल थे। खिलाड़ियों ने पूरे सीजन के दौरान हर टाइटल्स ट्यूसडे इवेंट में लीडरबोर्ड अंक अर्जित किए। सीजन के अंत में, अंतिम सीसीटी लीडरबोर्ड रैंकिंग में टॉप-9 खिलाड़ियों ने (उन खिलाड़ियों को छोड़कर जो पहले ही क्वालीफाई कर चुके थे) ईडब्ल्यूसी 2026 में अपनी जगह पक्की कर ली।