पहलवान निशु ने राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में 53 किग्रा वर्ग में जीत हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में जगह बनाने के लिए एशियन गेम्स के लिए चुनी गई अंतिम पंघाल के खिलाफ अंतिम ट्रायल मुकाबले का रास्ता तय कर लिया।
निशु ने इंदिरा गांधी स्टेडियम में 53 किग्रा कैटेगरी के कड़े फाइनल मुकाबले में थिश्का को हराया। निशु और अंतिम के बीच होने वाला फाइनल ट्रायल यह तय करेगा कि कजाकिस्तान के अस्ताना में 24 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होने वाली सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में इस कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व कौन करेगा।
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) की चयन नीति के तहत, सोमवार के ट्रायल के विजेताओं को सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में जगह पाने के लिए एशियन गेम्स में जाने वाले पहलवानों को फाइनल ट्रायल में चुनौती देने का अधिकार मिल गया है। फाइनल ट्रायल बाद में आयोजित किया जाएगा। चार नॉन-ओलंपिक वेट कैटेगरी के ट्रायल भी बाद में आयोजित किए जाएंगे।