मोहन बागान सुपर जाइंट फुटबॉल क्लब के हेड कोच पैनागियोटिस डिल्म्पेरिस ने कहा कि उनकी टीम को नए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) सीजन में ज्यादा आक्रामकता और जोश के साथ खेलना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जीत ही एकमात्र स्वीकार्य नतीजा है।
मोहन बागान 12 अक्टूबर को इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड का सामना करेगा और अपने अभियान की शुरुआत 'अवे मैच' (विपक्षी टीम के मैदान पर होने वाले मैच) से करेगा। कोलकाता की टीम के लिए लगातार दो 'अवे मैचों' में से यह पहला मुकाबला होगा। इस टीम का सामना इस सीजन में डूरंड कप में भी गुवाहाटी की टीम से हो चुका है।
डिल्म्पेरिस का मानना है कि प्री-सीजन के दौरान कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से खिलाड़ियों को टैक्टिकल फ्लेक्सिबिलिटी (रणनीति में लचीलापन) विकसित करने और आईएसएल अभियान से पहले मैच का जरूरी अनुभव हासिल करने में मदद मिली है। मोहन बागान सुपर जाइंट के हेड कोच पैनागियोटिस डिल्म्पेरिस ने बताया कि प्री-सीजन के दौरान टीम ने दो अलग-अलग फॉर्मेशन पर काम किया और खिलाड़ी अब दोनों रणनीतियों के साथ सहज हैं।