भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने गुरुवार को 'नेशनल स्पोर्ट्स अवार्ड्स 2025' के तहत सम्मानित किए गए निशानेबाजों अखिल श्योराण, धनुष श्रीकांत और रुद्रांश खंडेलवाल को 'अर्जुन अवार्ड' मिलने पर बधाई दी। इसके साथ ही कोच नेहा नंदकुमार चव्हाण को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर भी एनआरएआई ने खुशी जताई।
युवा मामले और खेल मंत्रालय ने 18 अगस्त को नेशनल स्पोर्ट्स अवार्ड्स की घोषणा की, जिसमें भारतीय खेलों में शानदार प्रदर्शन और योगदान को मान्यता दी गई। अखिल श्योराण को 'अर्जुन अवार्ड' के लिए चुना गया है, जबकि धनुष श्रीकांत और रुद्रांश खंडेलवाल को क्रमशः डेफ शूटिंग और पैरा-शूटिंग में उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया है। नेहा नंदकुमार चव्हाण को 'द्रोणाचार्य अवार्ड' से सम्मानित किया गया है।
इस सम्मान पर गर्व जताते हुए एनआरएआई के अध्यक्ष कलिकेश नारायण सिंह देव ने कहा, "अखिल श्योराण, धनुष श्रीकांत, रुद्रांश खंडेलवाल और नेहा नंदकुमार चव्हाण को यह सम्मान मिलते देखना पूरी शूटिंग कम्युनिटी के लिए बहुत गर्व की बात है। उनका सफर उस दृढ़ संकल्प, अनुशासन और लगन को दिखाता है जो खेल में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए जरूरी हैं। ये सम्मान न सिर्फ उनकी अपनी उपलब्धियों का जश्न हैं, बल्कि उन कोच, परिवारों और सपोर्ट सिस्टम का भी सम्मान है जो उनके साथ खड़े रहे। मैं चारों अवॉर्ड पाने वालों को बधाई देता हूँ और उम्मीद करता हूं कि उनकी सफलता देश भर के और भी कई एथलीटों और कोचों को प्रेरित करेगी।"