मैनचेस्टर सिटी के नए मैनेजर एन्जो मारेस्का ने क्लब की जीत की संस्कृति को जारी रखने और पेप गार्डियोला के बेहद सफल कार्यकाल के दौरान स्थापित उच्च मानकों को बनाए रखने का लक्ष्य रखा है।
तीसरी बार मैनचेस्टर सिटी लौटे मारेस्का ने कहा कि प्रीमियर लीग की दिग्गज टीम के साथ एक नया अध्याय शुरू करते हुए ट्रॉफी जीतना ही उनका मुख्य मकसद है। मारेस्का ने 'जियोहॉटस्टार' से कहा, "यह तीसरी बार है जब मैं मैनचेस्टर सिटी में आया हूं। उम्मीद है कि यह आखिरी बार होगा जब मैं वापस आ रहा हूं, और अब मैं इसे छोड़कर नहीं जाऊंगा। मैं कई वजहों से उत्साहित हूं, और सबसे बड़ी वजह क्लब का बड़ा होना है। यह मेरे लिए हमेशा से एक अहम बात रही है और मुझे लगता है कि इसका हिस्सा बनने का यह सही समय है। मैं क्लब को अच्छी तरह जानता हूं और मुझे पता है कि क्या उम्मीदें हैं। मैं काम शुरू करने और इस टीम को बड़ी उपलब्धियां हासिल करने में मदद करने के लिए उत्सुक हूं।"
मारेस्का को अच्छी तरह पता था कि उनके सामने बड़ी चुनौती है, क्योंकि मैनचेस्टर सिटी ने पिछले डेढ़ दशक में शानदार प्रदर्शन करते हुए काफी सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा, "मैनचेस्टर सिटी जैसे क्लब का मैनेजर बनना एक बहुत बड़ी चुनौती है, खासकर इसलिए क्योंकि पिछले 15 वर्षों में उन्हें बहुत सफलता मिली है। हालांकि, साथ ही यह एक रोमांचक चुनौती भी है।"