एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत का प्रदर्शन यादगार रहा। भारत ने कुल 114 मेडल के साथ टूर्नामेंट का अंत अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ किया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
राजनाथ सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "कई ऐतिहासिक पदकों, रिकॉर्ड तोड़ने वाले प्रदर्शनों और दृढ़ संकल्प के प्रेरणादायक उदाहरणों ने एशियन पैरा गेम्स 2026 को भारत की खेल यात्रा का एक अहम पड़ाव बना दिया है। 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज सहित कुल 114 पदकों के साथ भारत ने इन खेलों के इतिहास में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। हमारे पैरा-एथलीटों ने असाधारण साहस, अनुशासन और लगन का परिचय दिया है, जिससे पूरे देश को उन पर गर्व है। इस शानदार उपलब्धि के लिए सभी एथलीटों, कोचों, सपोर्ट स्टाफ और पर्दे के पीछे काम करने वाले हर व्यक्ति का हार्दिक अभिनंदन।"
रक्षा मंत्री ने आगे लिखा, "हमारे एथलीटों की ये उपलब्धियां लाखों युवा भारतीयों को निडर होकर सपने देखने और उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करें। यह ऐतिहासिक अभियान भारत के खेल इकोसिस्टम की बढ़ती ताकत और हमारे एथलीटों के उस दृढ़ संकल्प को दर्शाता है, जिसके दम पर वे सीमाओं को पार कर नए मानक स्थापित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, बेहतर खेल बुनियादी ढांचे, एथलीटों को विशेष सहयोग और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के अधिक अवसरों के माध्यम से भारतीय खेलों को एक नई दिशा और मजबूती मिली है।"