भारत में जब बिलियर्ड्स और स्नूकर गेम का जिक्र होता है, तो सबसे पहले एक ही खिलाड़ी का नाम दिमाग में आता है और वो है पंकज आडवाणी। महज 10 साल की उम्र में पहली बार स्नूकर टेबल पर हाथ आजमाने वाले पंकज का करियर ऐतिहासिक रहा। उन्होंने विश्व स्तर पर 28 खिताब अपने नाम किए।
पंकज आडवाणी का जन्म 24 जुलाई, 1985 को महाराष्ट्र के पुणे में हुआ था। उस दौर में भारत में बिलियर्ड्स या स्नूकर के खेल को कोई खास पहचानता नहीं था। हालांकि पंकज की इस खेल के प्रति बचपन से ही दिलचस्पी रही। वह अपने बड़े भाई को स्नूकर खेलते हुए देखते थे और देखते ही देखते इस खेल के प्रति उनका लगाव बढ़ने लगा। 10 साल की उम्र में उन्होंने पहली बार स्नूकर टेबल पर हाथ रखा और इसके बाद फिर इस खेल में रमते चले गए।
पंकज को द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता अरविंद सावूर के रूप में पहला ही कोच शानदार रहा, जिनकी देखरेख में उन्होंने इस खेल की बारीकियों को सीखा। पंकज ने सिर्फ 17 साल की उम्र में अपना पहला खिताब जीता।