युवा भारतीय रेसलर तनु शर्मा ने अंडर 20 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर अपने उभरते करियर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस जीत से उनके गांव में परिवार के लोग खुशी से झूम उठे। हरियाणा के हांसी के भकलाना गांव की रहने वाली रेसलर तनु ने स्लोवाकिया में चल रही चैंपियनशिप में 72 किलोग्राम कैटेगरी में यह कामयाबी हासिल की।
फाइनल में उन्हें जापान की चिसातो योशिदा से 5-3 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे वह गोल्ड मेडल लाने से चूक गईं। जीत के बाद शर्मा ने यह मेडल अपने गांव और देश को समर्पित किया और अगली बार गोल्ड मेडल जीतने का वादा किया। जीत के बाद उन्होंने मीडिया से कहा, "मैं हरियाणा के भकलाना गांव से हूं। मुझे बहुत खुशी है कि मैंने अपने देश के लिए अंडर 20 वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीता है।"
जीत के बाद उन्होंने भगवान का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, "सबसे पहले मैं इस उपलब्धि के लिए भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं। मैं अपने परिवार की भी शुक्रगुजार हूं जिन्होंने शुरू से ही मेरे सफर में मेरा साथ दिया। मुझ पर भरोसा जताने के लिए रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूएफआई) का भी धन्यवाद करती हूं। यह सिर्फ मेरा मेडल नहीं है, बल्कि यह पूरे देश और मेरे गांव का सम्मान है। मैं गोल्ड मेडल जीतने से चूक गई, लेकिन अगली बार मैं इसे जरूर जीतूंगी और देश का मान और बढ़ाऊंगी।"