Hero Hockey India League: परगट सिंह की गिनती भारतीय हॉकी टीम के दिग्गज डिफेंडर में होती है, जिन्होंने अपने मजबूत डिफेंस और नेतृत्व क्षमता के लिए पहचान बनाई। अंतरराष्ट्रीय मंच पर उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कई यादगार मुकाबलों में अहम भूमिका निभाई। परगट सिंह ने सिर्फ 6 मिनट में 4 गोल दागकर भारत के लिए मैच बचाने का कारनामा भी किया है।
5 मार्च 1964 को पंजाब के जालंधर में जन्मे परगट सिंह को बचपन से ही हॉकी खेलने का शौक था। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद परगट सिंह ने लायलपुर खालसा कॉलेज में दाखिला लिया, जहां शानदार खेल के साथ भारत की जूनियर हॉकी टीम में जगह बनाई।
कुछ समय बाद परगट सिंह ने सीनियर हॉकी टीम में भी जगह बना ली और हांगकांग में खेले गए टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए खुद को भारतीय हॉकी टीम के प्रमुख खिलाड़ियों के तौर पर स्थापित किया।