Paris Olympics: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कमाल कर दिया है और टोक्यो के बाद पेरिस ओलंपिक में भी अपना परचम लहराते हुए कांस्य पदक जीत लिया है। भारतीय हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में जर्मनी को मात देकर कांस्य पदक जीता था। इस बार स्पेन को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीता। यह ओलंपिक के इतिहास में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का 13वां पदक था।
टोक्यो ओलंपिक ने भारतीय हॉकी की कहानी बदलकर रख दी है। इस ओलंपिक से पहले भारतीय पुरुष हॉकी टीम 2016 के रियो ओलंपिक में क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थी। 2012 में लंदन में हुए ओलंपिक खेलों में हॉकी टीम ने क्वालीफाई किया, लेकिन ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई। भारतीय हॉकी टीम के लिए सबसे खराब दिन 2008 में हुई बीजिंग ओलंपिक में रहे, जब यह टीम क्वालीफाई तक नहीं कर पाई।
इससे पहले भारत ने हॉकी में मास्को में ओलंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीता था। यह मेडल 1980 में जीता था। इसके बाद भारत को 41 तक मेडल का इंतजार करना पड़ा। टोक्यो में मेडल का यह सूखा समाप्त होने के बाद पेरिस में भी एक बार फिर कांस्य पदक जीतकर भारतीय हॉकी टीम पदक की गाड़ी पर सवार हो गई है।