सप्तक तलवार ने डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई की इंडोरामा वेंचर्स ओपन गोल्फ चैंपियनशिप 2026 में जीत हासिल की। यह जीत उन्हें अहमदाबाद में रविवार को खत्म हुए 3,00,000 यूएस डॉलर (2.7 करोड़ रुपए) के इस इवेंट के आखिरी राउंड में दो-अंडर 70 के शानदार प्रदर्शन की बदौलत मिली।
27 वर्षीय सप्तक (68-71-69-70) पिछले दिन तक संयुक्त लीडर थे, उन्होंने पूरे हफ्ते में कुल 10-अंडर 278 का स्कोर बनाया और अहमदाबाद के कल्हार ब्लूज एंड ग्रीन्स गोल्फ क्लब में दो शॉट से जीत हासिल की। सप्तक की इस दूसरी प्रोफेशनल जीत से उन्हें 48,000 यूएस डॉलर (43,20,000 रुपए) की इनामी राशि मिली, जिससे वे डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई की ऑर्डर ऑफ मेरिट लिस्ट में 44वें स्थान से पहले स्थान पर पहुंच गए।
ग्रेटर नोएडा के जेपी ग्रीन्स गोल्फ रिसॉर्ट से आने वाले तलवार अब इस सीजन में 46,00,200 रुपए की कमाई के साथ डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई की मेरिट लिस्ट में सबसे आगे हैं।