एशियन गेम्स 2026 में देश का मान बढ़ाकर लौटे भारतीय दल से गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में मुलाकात की। एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वालीं लवलीना बोरगोहेन ने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलने का मौका कोई भी नहीं खोना चाहता। उन्होंने कहा कि हम सभी खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि ऐसे पीएम हमें मिले हैं।
लवलीना ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "'जब भी हम किसी बड़ी प्रतियोगिता या खेलों से मेडल जीतकर लौटते हैं, तो वह हमेशा बहुत खास होता है। यह एक बहुत ही शानदार पल होता है। आज प्रधानमंत्री ने जिस तरह से बात की और वहां जितने युवा खिलाड़ी मौजूद थे, उसे देखते हुए यह हर खिलाड़ी के लिए एक बहुत महत्वपूर्ण दिन बन गया। प्रधानमंत्री से मिलना एक ऐसा मौका है जिसे कोई भी नहीं छोड़ना चाहेगा। आने वाले खेलों जैसे कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स और भारत में ओलंपिक की मेजबानी करने की संभावना को लेकर उनका विजन वाकई बहुत भव्य है।"
लवलीना ने कहा, "खेलों में काफी बदलाव आ रहे हैं और वो हम सभी को दिख रहा है। यह सब कुछ पीएम मोदी के सपोर्ट से ही हो रहा है। हम खुद को बहुत ज्यादा भाग्यशाली मानते हैं कि हमें ऐसे प्रधानमंत्री मिले हैं। मुझे यहां आकर बहुत अच्छा लगा।" लवलीना ने कहा कि सरकार स्पोर्ट्स सेक्टर पर काफी ध्यान दे रही है और इसी का नतीजा है कि कॉमनवेल्थ गेम्स और फिर अब एशियन गेम्स में इतने मेडल आए हैं। उन्होंने बताया कि एशियन गेम्स में भी कई बड़े रिकॉर्ड्स बने हैं, जो अच्छी बात है।"