एशियन पैरा गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय एथलीट्स गुरुवार को इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। इस दौरान पुरुषों की 65 किलोग्राम पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में सिल्वर जीतने वाले अशोक कुमार मलिक अपने साथ चूरमा लेकर आए थे। पीएम मोदी ने बड़े अपनेपन और प्यार से अशोक को अपने हाथों से चूरमा खिलाया और फिर उन्हें पास खड़े अन्य खिलाड़ियों को भी चूरमा खिलाने को कहा।
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद अशोक कुमार मलिक ने 'आईएएनएस' को बताया, "यह एक बहुत ही शानदार बातचीत थी। मेरा इवेंट दो दिन पहले हुआ था, और जब मैंने सर से बात की, तो उन्होंने मुझसे कहा, 'आप सच में बहुत भाग्यशाली हैं।' उनके ये शब्द सुनकर मुझे बहुत खुशी हुई। उन्होंने हमें आगे बढ़ते रहने और एलए गेम्स की तैयारी शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने मुझसे यह भी कहा कि मैं जो चूरमा साथ लाया हूं, उसे अपने सभी एथलीट्स साथी के साथ बांट लूं, जिससे हम सभी को बहुत खुशी हुई।"
वहीं, पूजा जत्यान के साथ मिलकर महिला रिकर्व डबल्स इवेंट में सिल्वर मेडल हासिल करने वालीं तीरंदाज भावना चौधरी ने पीएम से हुई मुलाकात पर कहा, "प्रधानमंत्री मोदी हमेशा हमारे साथ खड़े रहते हैं। हमें ऐसा लगता है जैसे वे हमारे दोस्त हैं, जो हमारे लिए इतना कुछ कर रहे हैं, और यह जानकर बहुत अच्छा लगता है। अब एथलीट्स को बहुत सारे अवसर मिल रहे हैं। अगर आप पहले की स्थिति की आज से तुलना करें, तो अब हमें कहीं ज्यादा समर्थन मिल रहा है।"