एशियाई तीरंदाजी चैंपियनशिप 2025 में भारत ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 6 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य के साथ कुल 10 पदक जीते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस शानदार प्रदर्शन के लिए भारतीय तीरंदाजों की सराहना की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "एशियाई तीरंदाजी चैंपियनशिप 2025 में अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए हमारी तीरंदाजी टीम को बधाई। उन्होंने 6 स्वर्ण सहित 10 पदक जीते हैं। इनमें सबसे उल्लेखनीय 18 साल बाद मिला ऐतिहासिक रिकर्व पुरुषों का स्वर्ण पदक रहा। इसके साथ ही व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला और कंपाउंड वर्ग में खिताबों का सफलतापूर्वक बचाव किया गया। यह वास्तव में एक बेहद विशेष उपलब्धि है, जो आने वाले कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।"
पुरुष व्यक्तिगत रिकर्व फाइनल में धीरज बोम्मादेवरा ने हमवतन राहुल को 6-2 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। उनके अलावा, पुरुष रिकर्व टीम में अतानु दास, राहुल और यशदीप भोगे ने देश को स्वर्ण पदक दिलाया।