जम्मू-कश्मीर के पुंछ में खेली गई केंद्रशासित प्रदेश स्तरीय अंडर-14 हॉकी चैंपियनशिप में पुंछ की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बारामूला को फाइनल में 3-0 से हराया। इस जीत के साथ ही पुंछ की अंडर-14 टीम ने खिताब को अपने नाम किया।
पुंछ का प्रदर्शन खिताबी मुकाबले में शानदार रहा। टीम ने मैच में तीन गोल दागे और बारामूला को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। पुंछ टीम के डिफेंस ने भी पूरे मैच में दमदार प्रदर्शन किया और बारामूला को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। सरमजीत सिंह को पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाने के लिए 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया। वहीं, वह फाइनल में 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुने गए।
समरजीत ने आईएएनएस के साथ बात करते हुए कहा, "आज हमने बारामूला के खिलाफ फाइनल में जीत हासिल करते हुए खिताब को अपने नाम किया। फाइनल में मुझे 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया है। मैं अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच और टीम को देना चाहता हूं। मैं एक बात और कहना चाहता हूं कि जो लोग ड्रग्स लेते हैं वो ऐसा न करें। ड्रग्स एक तरह का नशा है और इसे छोड़कर आप ज्यादा से ज्यादा स्पोर्ट्स में आएं।"