प्रीतिका बर्मन ने दागे 2 गोल, भारत ने फ्रेंडली मैच में म्यांमार को हराया (Image Source: IANS)
भारतीय अंडर-17 महिला टीम ने गुरुवार को थुवुन्ना स्टेडियम में खेले गए फ्रेंडली मैच में म्यांमार को 2-0 से शिकस्त दी। दोनों ही गोल प्रीतिका बर्मन ने दागे। दोनों देशों के बीच दूसरा फ्रेंडली मैच 14 मार्च को होगा।
दोनों देशों के बीच यह फ्रेंडली मैच भारत की एफसी अंडर-17 महिला एशियन कप की तैयारियों का हिस्सा हैं, जो 1 मई से 17 मई के बीच चीन के सूजौ में खेला जाएगा। कॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर चुका म्यांमार इन मुकाबलों के साथ अपनी तैयारियों को मजबूत कर रहा है।
भारत ने संतुलित प्रदर्शन करते हुए दोनों हाफ में एक-एक गोल दागा। गोलकीपर मुन्नी ने जरूरत पड़ने पर अहम बचाव किए, जबकि अभिस्ता बसनेट और एलिजाबेथ लाकड़ा की अगुआई में डिफेंस पूरी तरह संगठित और संयमित नजर आया।