स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के एलएनीपीई तिरुवनंतपुरम सेंटर का इस्तेमाल मलेशिया की एशियन गेम्स की तैयारियों के लिए एक हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग बेस के तौर पर किया गया। इसके लिए एक महीने का कैंप लगाया गया था, जो 10 सितंबर को खत्म हुआ। इसके अलावा, साई सेंटर्स ने जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 की तैयारी के लिए ईरान और नेपाल की भी मदद की है।
इस ट्रेनिंग कैंप में मलेशिया के दो मिडिल और लॉन्ग-डिस्टेंस एथलीट शामिल थे - 800 मीटर के एथलीट वान मुहम्मद फजरी और 400 मीटर/800 मीटर के धावक उमर उस्मान। मलेशिया एथलेटिक्स की तरफ से आयोजित इस कैंप में दोनों एथलीट्स ने हेड कोच मोहम्मद अजहरुद्दीन की देखरेख में ट्रेनिंग की।
यह कैंप ऐसी कई पहलों में से एक है, जिनके तहत अंतरराष्ट्रीय एथलीट्स ने आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 से पहले स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की सुविधाओं का इस्तेमाल किया है। नेपाल के मुक्केबाजों ने साई गुवाहाटी कैंपस में ट्रेनिंग की, जबकि ईरान के कबड्डी खिलाड़ियों ने साई सोनीपत कैंपस को अपने ट्रेनिंग बेस के तौर पर इस्तेमाल किया।