अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में 11 जून से फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत होगी। यह पहला ऐसा वर्ल्ड कप होगा, जिसमें 32 की जगह 48 टीमें हिस्सा लेंगी। फीफा के सेक्रेटरी जनरल मैटियस ग्राफस्ट्रॉम ने मंगलवार को बताया कि इस वर्ल्ड कप की तैयारियां सही ट्रैक पर हैं।
चीन के दौरे पर मैटियस ग्राफस्ट्रॉम ने कहा, "तैयारियां बहुत अच्छी चल रही हैं। हम बहुत उत्साहित हैं। टूर्नामेंट शुरू होने में अब बस कुछ ही दिन शेष हैं। मुझे लगता है कि 48 टीमों वाला यह पहला वर्ल्ड कप बहुत सफल रहेगा, जिसमें 16 और टीमों को वर्ल्ड कप का अनुभव लेने का मौका मिलेगा।"
इस बढ़े हुए फॉर्मेट से उम्मीद है कि ज्यादा देशों को फुटबॉल के इस सबसे बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा, खासकर एशिया, अफ्रीका और उत्तरी अमेरिका के देशों को। हालांकि, इससे मुकाबलों की कुल संख्या में भारी इजाफा, खिलाड़ियों पर वर्कलोड और टूर्नामेंट के कुल संतुलन को लेकर बहस भी छिड़ गई है।