President Droupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को एशियन पैरा गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय पैरा खिलाड़ियों प्रणव सूरमा, राम रतन सिंह, निरंजन मुकुंदन और अन्य पदक विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने एथलेटिक्स और तैराकी सहित विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की।
राष्ट्रपति मुर्मु ने पुरुष डिस्कस थ्रो एफ51/52/53 स्पर्धा में 11.66 मीटर के एशियाई रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रणव सूरमा को बधाई दी। इसी स्पर्धा में राम रतन सिंह ने 10.35 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीता, जिससे भारत ने पहला और दूसरा स्थान हासिल किया।
राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुष डिस्कस थ्रो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने और नया एशियाई खेल रिकॉर्ड बनाने पर प्रणव सूरमा को हार्दिक बधाई। आपकी इस स्वर्णिम सफलता ने भारत को गौरवान्वित किया है और भारतीय पैरा एथलेटिक्स के लिए एक नया मानदंड स्थापित किया है।”