Relay Final: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 4x400 मीटर रिले टीम को गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी। साथ ही, उन्होंने मिक्स्ड 4x100 मीटर और पुरुषों की 4x400 मीटर रिले टीमों को भी ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर बधाई दी है।
महिलाओं की 4x400 मीटर रिले टीम ने भारत को गोल्ड जिताया। किरण पहल, एमआर पूवम्मा, प्राची और विथ्या की जोड़ी ने 3:29.69 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। महिला टीम की तारीफ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मैं एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 4x400 मीटर रिले में गोल्ड मेडल जीतने पर किरण पहल, पूवम्मा मचेत्तिरा, प्राची चौधरी और विथ्या रामराज को हार्दिक बधाई देती हूं। इस ऐतिहासिक जीत ने एशियन गेम्स में इस इवेंट में भारत को अपना पहला गोल्ड मेडल दिलाया है। ऐसी जीत के बाद राष्ट्रगान सुनकर हर भारतीय को गर्व महसूस होता है। इस सुनहरे पल की यादें आने वाले कई वर्षों तक संजोकर रखी जाएंगी। यह उपलब्धि कई युवा लड़कियों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करेगी।"
वहीं, पुरुषों की 4x400 मीटर रिले में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। धर्मवीर चौधरी, मनु थीक्किनिल, जय कुमार और विशाल थेन्नारासु की भारतीय चौकड़ी ने 3:01.61 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया।