प्रो रेसलिंग लीग 2026 का दूसरा सेमीफाइनल शनिवार रात नोएडा इंडोर स्टेडियम में खेला गया। दिल्ली दंगल वॉरियर्स ने महाराष्ट्र केसरी को 5-4 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मुकाबला आखिरी क्षणों तक उतार-चढ़ाव से भरा रहा, लेकिन दबाव में दिल्ली के पहलवानों ने बेहतरीन संयम और जुझारूपन दिखाया।
मुकाबले की शुरुआत 62 किग्रा महिला वर्ग से हुई, जहां दिल्ली की अंजलि ने डुडोवा बिल्याना जिवकोवा को 12-4 से हराकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। पावर मिनट के दौरान उनके टेकडाउन और चार-पॉइंट मूव ने दर्शकों का दिल जीत लिया। हालांकि महाराष्ट्र ने तुरंत वापसी की। 57 किग्रा महिला वर्ग में मनीषा भानवाला ने कार्ला गोडिनेज गोंजालेज को 15-0 की टेक्निकल सुपीरियोरिटी से हराकर स्कोर बराबर कर दिया।
इसके बाद महाराष्ट्र ने हैवीवेट मुकाबले में बढ़त बना ली। कप्तान रॉबर्ट बारन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रोनक को 11-1 से हराया। 53 किग्रा महिला वर्ग में निशु भानवाला ने दिल्ली की सारिका के खिलाफ 7-6 से करीबी जीत दर्ज कर महाराष्ट्र को 3-1 की बढ़त दिला दी।