हंगरी के बुडापेस्ट के पुस्कास एरिना में खेले गए यूईएफए चैंपियंस लीग फाइनल में आर्सेनल एफसी और पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) के बीच मुकाबला 1-1 से बराबरी पर रहा। पेनल्टी शूटआउट में आर्सेनल के स्टार खिलाड़ी गेब्रियल एक अहम पेनल्टी गंवा दी। इसका फायदा उठाकर पीएसजी ने शूटआउट जीत लिया और अपना यूरोपीय खिताब बरकरार रखा।
पीएसजी ने शूटआउट में अपनी पांच में से चार पेनल्टी पर गोल किए, और नूनो मेंडेस ने अपना एकमात्र प्रयास गंवा दिया, जबकि एबेरेची एजे और गेब्रियल ने फाइनल में आर्सेनल के लिए दो पेनल्टी गंवा दीं। मैच में काई हैवर्ट्ज ने गोल करके आर्सेनल को शुरुआती बढ़त दिलाई। हालांकि, ओस्मान डेम्बेले ने पेनल्टी पर गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।इसके बाद दोनों टीमों में से कोई भी निर्णायक गोल नहीं कर सकी और निर्धारित समय के अंत तक स्कोर 1-1 से बराबर रहा, जिसके बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ।
22 साल बाद अपना पहला इंग्लिश प्रीमियर लीग खिताब जीतने वाली आर्सेनल ने मैच की शुरुआत से ही खेल पर पकड़ बना ली और जल्दी ही बढ़त हासिल कर ली। लिएंड्रो ट्रॉसार्ड ने विपक्षी टीम की क्लीयरेंस पर दबाव बनाया, जिससे गेंद आर्सेनल के पास आ गई। इसके बाद काई हैवर्ट्ज ने शानदार मौके का फायदा उठाते हुए टाइट एंगल से गोलकीपर माटवेई सफोनोव को छकाते हुए शानदार गोल कर दिया।