एशिया कप जीतने के बाद भारतीय हॉकी खिलाड़ी अपने-अपने घर लौट रहे हैं। हॉकी प्लेयर मनदीप सिंह ने बाढ़ प्रभावित पंजाब पर दुख जाहिर किया। उन्होंने कहा कि सभी हॉकी खिलाड़ी विचार-विमर्श कर पंजाब के बाढ़ग्रस्त इलाकों में लोगों की मदद करने जाएंगे और किसी एनजीओ के साथ मिलकर वे पंजाब के लोगों की मदद करेंगे।
मनदीप सिंह ने कहा, "8 साल बाद भारतीय हॉकी टीम ने एशियाई कप पर जीत हासिल की है और हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने अपनी जगह बना ली है। टीम बेहतर प्रदर्शन कर रही है और पुराने खिलाड़ियों के एक्सपीरियंस और नए खिलाड़ियों के जोश और तकनीक से अच्छा प्रदर्शन हो रहा है। इस बार भारतीय हॉकी टीम वर्ल्ड कप में भी अच्छा प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल जीत कर आएगी।"
मनदीप सिंह ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम भी अपना अच्छा प्रदर्शन कर रही है और कल होने वाले मैच में भी वह अपना अच्छा प्रदर्शन करेगी। मनदीप के माता-पिता ने भी एशिया कप की जीत को लेकर पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि टीम आगे से बेहतर प्रदर्शन कर वर्ल्ड कप में भी जीत हासिल करेगी और आने वाले ओलंपिक में भी जीत हासिल कर गोल्ड मेडल इंडिया की झोली में डालेगी।