15 बार यूईएफए चैंपियंस लीग का खिताब जीतने वाली रियल मैड्रिड को मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ चैंपियंस लीग राउंड ऑफ 16 मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के कोच अलवारो अर्बेलोआ ने पुष्टि की है कि रियल मैड्रिड के शीर्ष गोल स्कोरर किलियन एम्बाप्पे का घुटने की समस्या के कारण अगले मैच में खेलना मुश्किल है।
क्रिसमस से पहले से एम्बाप्पे को बाएं घुटने में दिक्कत महसूस हुई थी। क्लब ने उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें कुछ मैचों में आराम दिया। वह दिसंबर में मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ हार, स्पेनिश सुपर कप सेमीफाइनल, और पिछले महीने ला लीगा में रियल सोसिएडाड पर मिली रियल मैड्रिड को जीत में शामिल नहीं रहे।
अर्बेलोआ ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि एम्बाप्पे की पूर्ण रिकवरी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जब उनसे पूछा गया कि क्या एम्बाप्पे मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ खेल पाएंगे, तो उन्होंने कहा, "हम उनकी रिकवरी को एक-एक दिन देखेंगे। फिलहाल किसी समय सीमा के बारे में बताना सही नहीं है। हम देखेंगे कि वह कैसा महसूस कर रहे हैं और उसी के आधार पर निर्णय लेंगे।" उन्होंने आगे कहा, "हमें पूरी तरह पता है कि समस्या क्या है, और अब हमारा लक्ष्य है कि एम्बाप्पे पूरी तरह से स्वस्थ होकर 100 प्रतिशत क्षमता के साथ वापस आएं, ताकि उन्हें किसी तरह की दिक्कत महसूस ना हो।"